छात्रों के हित में काम करता है विद्यार्थी परिषद, अन्य छात्र संगठन चलाते हैं राजनीतिक एजेंडा -ABVP नेता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिक्षा में बदलाव और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रहा है। लेकिन अन्य छात्र संगठन राजनीतिक एजेंडा चलाने का काम कर रहे हैं। एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठन विद्यार्थी हितों के बजाय अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हुए हैं। ये आरोप विद्यार्थी परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने लगाए हैं। दरअसल मुरैना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत कार्यकारिणी बैठक से पहले संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने पत्रकार वार्ता आयोजित की थी। जहां उन्होंने छात्र संगठनों पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए।
डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने हाल ही में इंदौर में हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में छात्रों की आवाज उठाने का दावा किया गया। लेकिन वहां लड़कियां नाच रही थी। मनोरंजन और अन्य गतिविधियों के जरिए भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कार्यक्रम में कथित तौर पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी आपत्ति जताई।
नीट के मुद्दे पर भी सोलंकी ने विद्यार्थी परिषद की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि परिषद ने सबसे पहले नीट से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। सोलंकी ने कहा कि इस संगठन का उद्देश्य छात्रों की समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि आंदोलन के जरिए अराजकता फैलाना और राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाना था। उन्होंने आंदोलन के दौरान दुबई से पिज्जा मंगाए जाने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि विदेश में बैठे लोगों का छात्र आंदोलन से क्या संबंध था।
Gen-Z को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। कहा कि देश का Gen-Z विद्यार्थी परिषद के साथ है इसके लिए उन्होंने हाल ही में हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणामों का उदाहरण दिया। डीयू छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की थी। जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी हुए थे। जंतर-मंतर पर हुई भीड़ को लेकर भी कहा कि उसे Gen-Z की भीड़ नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक वहां पहुंचे लोग मनोरंजन के लिए आए थे।
बताया गया की मुरैना में विद्यार्थी परिषद की प्रांत कार्यकारिणी बैठक 22 और 23 सितंबर को आयोजित हो रही है। जिसमें शामिल होने विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. बीरेन्द्र सिंह सोलंकी मुरैना पहुंचे हैं।