आधी रात लूट का खुलासा, CCTV ने पहुंचाया बदमाशों तक; ₹70 हजार की डायमंड जड़ित अंगूठी बरामद
एमपी के जबलपुर में देर रात घर लौट रहे एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर मारपीट और लूट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। माढ़ोताल पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी भी बरामद की है। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। घटना 26 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार के मुताबिक घड़ी चौक विजयनगर निवासी प्रदीप कुमार नेमा चुंगी नाका से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कालीमाता मंदिर के पास दो युवकों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने प्रदीप कुमार को पकड़कर उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी निकाल ली, जबकि जेब में रखे करीब 400 रुपये नकद भी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अज्ञात आरोपियों की पहचान करना थी। इसके लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्धों के हुलिए के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस नंदू उर्फ शिव कुमार नायक, निवासी राजीव गांधी नगर तक पहुंची और उसे 17 सितंबर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नंदू से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी संजू केवट, निवासी करमेता क्षेत्र को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों की वारदात में भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने लूटी गई डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद कर ली, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों की किसी अन्य वारदात में भूमिका तो नहीं रही। इस पूरे मामले में CCTV फुटेज आरोपियों तक पहुंचने की अहम कड़ी साबित हुआ।