सागर बंडा जहरीली शराब मामला: तीसरी मुठभेड़ में 30 हजार का इनामी आरोपी मनीष लोधी गिरफ्तार
सागर जिले में जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी और ₹30 हजार के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पकड़ने के लिए पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी थी। इसी दौरान 23 सितंबर को पुलिस टीम का सामना मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू से हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए।
मामला मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इनामी बदमाश मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे पुलिस टीम और आरोपियों का आमना-सामना हुआ। पुलिस का दावा है कि मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं, पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचकर भागने की कोशिश कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ।
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने मौके की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच खाली राउंड और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया गया है। दोनों घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं घटनास्थल पर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए हथियारों और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मनीष लोधी थाना बड़ा और विनायका क्षेत्र से जुड़े जहरीली शराब प्रकरण का मुख्य आरोपी है और उसकी गिरफ्तारी पर ₹30 हजार का इनाम घोषित था। फिलहाल पूरे मामले में घटनास्थल की जांच, हथियारों की बरामदगी और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और विस्तृत विवेचना जारी है।