Sagar- अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लेने पहुंची संयुक्त टीमें, जानकारी जुटाकर सर्वे का काम शुरू
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में पिछले दिनों अतिवृष्टि से किसानों की फसलों का काफी नुक्सान की बात सामने आई थी। जिसके बाद अब फसलों का जायजा लेने संयुक्त टीम खेतों में पहुंची और जानकारी जुटाई। बताया गया की मक्का,सोयाबीन और उड़द की फसल के सर्वे का काम शुरू किया गया है।
देवरी में फसलों को हुए नुक्सान का जायजा लेने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनी की संयुक्त टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा शुरू कर दिया है। टीम ने खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण करने के अलावा नुक्सान का आंकलन किया जा रहा है। संयुक्त टीम ने विकासखंड देवरी के मंगेला, जमनापुर परासिया, हीरापुर खुर्द और समनापुर सेठ गांव समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलभराव और अतिवृष्टि से प्रभावित मक्के की फसल का मौके पर निरीक्षण किया। वहीं ज्वाप, बरखेरी राजा और बरकोटी कलां गांवों में सोयाबीन के अलावा उड़द की फसल में हुए नुकसान का भी सर्वे किया गया।
सर्वे के दौरान खेतों में पहुंची टीम ने फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा बीमा योजना के तहत हुए नुकसान से संबंधित आंकड़े दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों ने फसल क्षति का पंचनामा तैयार कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
अतिवृष्टि के कारण कई खेतों में जलभराव की स्थिति बनने से किसानों की खड़ी फसलों पर असर पड़ा है। संयुक्त टीम द्वारा किए जा रहे सर्वे के आधार पर फसल क्षति का आंकलन तैयार किया जाएगा। जिसके बाद पात्र किसानों को नियमानुसार राहत और बीमा संबंधी लाभ मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।