गैस पाइपलाइन लीकेज से हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा; समय रहते शुरू हुआ मरम्मत कार्य SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गैस हादसे की याद आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। ऐसे में एमपी के रायसेन जिले की औद्योगिक नगरी मंडीदीप में गैस पाइपलाइन में लीकेज की खबर सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला मंडीदीप के वार्ड नंबर-1 स्थित फूलचंद नगर का है, जहां गेल गैस की पाइपलाइन में लीकेज की सूचना मिली। लीकेज की जानकारी मिलते ही मंडीदीप पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गेल गैस के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद तकनीकी टीम ने पाइपलाइन का निरीक्षण किया और लीकेज को ठीक करने का काम शुरू किया गया।
पाइपलाइन से गैस रिसाव की खबर फैलते ही फूलचंद नगर और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को लेकर चर्चा होने लगी। हालांकि, पुलिस के समय पर मौके पर पहुंचने और गेल गैस की टीम द्वारा तत्काल सुधार कार्य शुरू किए जाने से स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। इसी बीच गैस लीकेज को लेकर इलाके में तरह-तरह की अफवाहें भी फैलने लगीं। मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की जानकारी प्रसारित नहीं करने को कहा।
पुलिस की मौजूदगी में गेल गैस की टीम ने पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर निगरानी बनाए रखी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। फिलहाल पाइपलाइन के लीकेज को लेकर सुधार कार्य कराया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। गैस लीकेज की वजह और पाइपलाइन में खराबी से जुड़ी अन्य जानकारी तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।