Sagar- चार साल से सड़क का इंतजार, बारिश में कीचड़ और दलदल बन जाता है रास्ता | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर से लगे मैनपानी गांव के ग्रामीण आज भी एक ऐसी पक्की सड़क का इंतजार कर रहे हैं, जो उनके लिए सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि जरूरत बन चुकी है। करीब चार साल से गांव की खराब सड़क ग्रामीणों की परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश आते ही यही रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है और गांव तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रहता।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए करीब दो साल पहले विधायक प्रदीप लारिया द्वारा राशि स्वीकृत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में होती है। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि अगर किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए तो एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। छोटे-छोटे बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। कीचड़ में फिसलने से कई बार उनकी यूनिफॉर्म खराब हो जाती है। चोट लगती है सो अलग
हैरानी की बात यह है कि मुख्य सड़क से गांव की दूरी महज एक किलोमीटर है, लेकिन यह छोटा सा रास्ता वर्षों से ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। ग्रामीण कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं और अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा है कि सड़क निर्माण अब तक क्यों नहीं हुआ, इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों से ली जाएगी और जल्द निर्माण कराने के प्रयास किए जाएंगे।