खेत से सड़क पर आया 6 फीट का मगरमच्छ, रस्सी से छूटा तो मची अफरा-तफरी; दो लोग घायल
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत से निकलकर करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ सड़क किनारे पहुंच गया। अचानक सड़क पर मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मामला सगौनी बीट के अंतर्गत आने वाले ग्राम हिनौती खेतसिंह का है। जानकारी के मुताबिक, सुबह ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम में जुटे थे। इसी दौरान खेत की ओर से निकलकर एक मगरमच्छ सड़क किनारे पहुंच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की सागौनी परिक्षेत्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास शुरू किया। रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को काबू करने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान वह अचानक पकड़ से छूट गया। मगरमच्छ के छूटते ही मौके पर मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद वन अमले ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश में ग्रामीण अज्जू खान और फॉरेस्ट चौकीदार अट्ठी सिंह की उंगलियों में चोट लग गई। दोनों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
वन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छह फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सक डॉ. डीएस लोधी ने मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद वन विभाग ने मगरमच्छ को उसके लिए उपयुक्त प्राकृतिक जल क्षेत्र सिंगौरगढ़ जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जलाशय और खेतों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों की मौजूदगी की स्थिति में सुरक्षित तरीके से सूचना दी जा सके।