संगठन सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प, बोले भाजपा नेता
संगठन सत्ता का माध्यम नहीं बल्कि समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। ये बात भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कही है। दरअसल सेवा संकल्प अभियान को लेकर संभागीय संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें अभियान को लेकर चर्चा की गयी। बता दें की मुरैना जिले में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवा, सुशासन और सेवा संकल्प अभियान को लेकर चंबल संभाग की बैठक आयोजित हुई थी।
जिसमें भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भिंड, मुरैना और दतिया जिले से पहुंचे अपेक्षित पदाधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बिंदुवार चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक आशीर्वाद का दीया और नमो चित्र सेवा समेत दो प्रमुख कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान से समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाए। सेवा और समर्पण की भावना को और मजबूत किया जाए। अजय जामवाल ने कहा की भाजपा संगठन सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प है।
बैठक में चंबल संभाग के संगठन प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव ने तीनों जिलों की संगठनात्मक समीक्षा की और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। वहीं भिंड जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया, मुरैना जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह कुशवाह और दतिया के जिला टोली कार्यक्रम प्रभारी राम खरे ने सेवा संकल्प अभियान समेत आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।