Sagar - सोशल मीडिया पर हंसाती रहीं नेहा भाभी, अंदर ही अंदर टूट रही थी जिंदगी, मुस्कुराता चेहरा नहीं बता सका दिल का दर्द
सागर जिले के रहली की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर नेहा पटेल उर्फ नेहा भाभी अब इस दुनिया में नहीं हैं। बुंदेली अंदाज में बनाए उनके कॉमेडी वीडियो लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाते थे। उनके संवाद और देसी अंदाज को दर्शक खूब पसंद करते थे। लेकिन जिस चेहरे को देखकर लोग हंसते थे, उसके पीछे चल रही जिंदगी की तकलीफों का अंदाजा शायद किसी को नहीं था।
बताया जा रहा है कि नेहा कुछ समय से तनाव और मानसिक परेशानी से जूझ रही थीं। बाहर से वह लोगों को हंसाती रहीं, वीडियो बनाती रहीं और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहीं, लेकिन भीतर से वह खुद को अकेला महसूस कर रही थीं।
नेहा की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि क्या सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली मुस्कान के पीछे छिपे दर्द को हम पहचान पाते हैं? जरूरी नहीं कि हमेशा हंसने वाला इंसान भीतर से भी खुश हो। कई बार व्यक्ति अपने दर्द को मुस्कान के पीछे छिपाकर दूसरों को खुश करता रहता है।
नेहा के वीडियो अब सोशल मीडिया पर यादों की तरह रह जाएंगे। जिन वीडियो को देखकर कभी लोग हंसा करते थे, वही वीडियो अब उनके चाहने वालों की आंखों में आंसू ला रहे हैं।
नेहा दूसरों के चेहरों पर मुस्कान छोड़ गईं, लेकिन अपने मन का दर्द शायद अपने भीतर ही रखती रहीं।
जानकारी के अनुसार नेहा दो दिन पहले ही अपने मायके से रहली लौटी थीं। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे उन्होंने अपनी सास-ससुर को खाना खिलाया। इसके बाद वह कमरे में चली गईं इसी दौरान उनके पति शुभम पटेल मोहल्ले में आयोजित गणेश आरती में शामिल होने चले गए। कुछ देर बाद घर लौटकर उन्होंने नेहा को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने नेहा को लटका देखा। जिसके बाद परिजन को आवाज लगाई। परिजन को उस समय उनकी सांस चलती महसूस होने से उतारकर तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ. प्रशांत हजारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रहली थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर परिजन के बयान लिए हैं। नवविवाहिता होने के कारण तहसीलदार राजेश पांडे ने पंचनामा कार्रवाई के साथ मर्ग कायम किया है। मामले की आगे की जांच एसडीओपी के मार्गदर्शन में की जाएगी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।