सागर- संदेह पर दो युवकों के बैग की तलाशी, मिला चार लाख का गांजा, तस्करी से पहले पुलिस ने दबोचा
सागर जिले के बीना में जीआरपी को दो युवकों पर संदेह हुआ। दोनों के पास बैग थे जब घेराबंदी करते हुए उनकी तलाशी ली गयी तो बैग में से गांजा जब्त किया गया। जिसकी कीमत चार लाख रूपये बताई जा रही है। दोनों युवक बीना रेलवे स्टेशन पर बैठे हुए थे। जिन्हे गांजे की तस्करी करते हुए पकड़ लिया गया। ये मामला मादक पदार्थ की तस्करी का निकला। दोनों युवकों के कब्जे से आठ किलो गांजा जब्त किया गया। दोनों आरोपी अशोकनगर जिले के रहने वाले हैं।
दरअसल सागर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों को लेकर लगातार कार्यवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी को लेकर बीना रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को सफलता हाथ लगी है। जहां दो युवकों के बैग की तलाशी लेने पर गांजा मिला।
जीआरपी के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी की प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के पास चार्जिंग प्वाइंट के पास एक बेंच पर दो युवक बैग लेकर बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर बैगों की तलाशी ली। जहां एक बैग से चार और दूसरे बैग से चार पैकेट मिले। सभी पैकेटों में करीब एक-एक किलो गांजा था। पुलिस ने कुल 8 किलो गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों सौरभ विश्वकर्मा और सहदेव यादव, निवासी मदखेड़ी, जिला अशोकनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।