Sagar- सूना मकान पाते ही किया हाथ साफ, 66 हजार नगदी समेत चांदी के आभूषण चोरी
सागर जिले में चोरों का आतंक लगातार देखने को मिल रहा है। एक के बाद एक चोर बेख़ौफ़ होकर वारदातों को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला सागर के खुरई देहात थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक सूने मकान को निशाना बनाया गया। चोर मौके से करीब 66 हजार रूपये की नगदी समेत चांदी के आभूषण लेकर चम्पत हो गए। घटना खुरई के बागची गांव से सामने आई है। बताया गया की परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। घर पर ताला डला हुआ था। जैसे ही चोरों ने सूना मकान देखा तो ताले चटकाकर हाथ साफ़ कर दिया। जब परिवार के लोग वापस आये तो नज़ारा देखकर दंग रह गए। क्योंकि सामान बिखरा पड़ा हुआ था। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गयी। जिस पर पुलिस टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। शुरुआत में एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया जा रहा है।
बांगची गांव निवासी कंछेदी अहिरवार के मुताबिक परिवार किसी काम से घर से बाहर गया था। इसी दौरान चोरों ने दरवाजे के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर करीब 66 हजार रुपए नकद, चांदी की चूड़ियां और अन्य आभूषण ले गए हैं। परिवार के लौटने पर ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। शिकायत में कंछेदी ने ब्रजेश अहिरवार पर संदेह जताते हुए बताया की वह तीन दिन पहले उनके नाती के साथ घर आया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है साथ ही चोरी से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।------