Sagar- अधिवक्ता संघ की नियुक्तियों को लेकर गहराया विवाद,टैंट लगाकर किया अनशन,फिर पहुंची विधायक !
सागर जिले के बीना न्यायालय में उस समय अचानक गहमागहमी का माहौल बन गया। जब अधिवक्ता संघ की नियुक्तियों को लेकर विवाद गहरा गया। पुस्तकालय अध्यक्ष ने सचिव पर नियमों और संघ के संविधान को दरकिनार कर नियुक्तियां करने का आरोप लगाते हुए टैंट लगाकर अनशन शुरू कर दिया। जिनके समर्थन में कई अन्य अधिवक्ता भी आ गए। जिसके बाद मौके पर पहुंची विधायक निर्मला सप्रे ने पुस्तकालय अध्यक्ष को समझाइश दी और दोनों पक्षों से चर्चा कर साधारण सभा की बैठक में समाधान निकालने का सुझाव दिया। इसके बाद आरती राय ने अनशन समाप्त कर दिया।
मामला बीते बुधवार का बताया जा रहा है। जहां बीना न्यायालय परिसर में अधिवक्ता संघ की नियुक्तियों को लेकर विरोध देखने को मिला। पुस्तकालय अध्यक्ष एडवोकेट आरती राय ने सचिव सुरेश यादव पर नियमों के विपरीत नियुक्तियां करने का आरोप लगाते हुए अनशन शुरू किया। आरती राय के समर्थन में पूर्व अध्यक्ष रविंद्र जैन समेत कई अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे। वहीं संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी ने भी नियुक्तियों को नियम विरुद्ध बताया। दूसरी ओर सचिव सुरेश यादव ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि नियुक्तियां संघ की बैठक में नियम के अनुसार की गई हैं।
विवाद की जानकारी मिलने पर विधायक एडवोकेट निर्मला सप्रे न्यायालय परिसर पहुंचीं। दोनों पक्षों से चर्चा के बाद उन्होंने साधारण सभा की बैठक बुलाकर सभी सदस्यों के सामने नियुक्तियों पर चर्चा और निर्णय लेने का सुझाव दिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद आरती राय ने अनशन समाप्त कर दिया।------