सागर- कांग्रेस ने उठाया फसल,खाद और स्कूलों का मुद्दा,सरकार को घेरा,युवाओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
सागर जिले के बीना क्षेत्र में फसल बर्बादी, खाद संकट और बंद किये गए स्कूलों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। इस मौके पर कई ऐसे युवा भी थे जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की सदस्यता भी ली। बता दें की बीना में अंबेडकर तिराहा पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस ने किसानों को 50 हजार रुपए प्रति एकड़ राहत देने और फसलों का तत्काल सर्वे कराये जाने की मांग की है।
बताया जा रहा है की अतिवृष्टि और असमय बारिश से उड़द और सोयाबीन की फसल खराब होने का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरबीसी 6-4 के तहत तत्काल सर्वे और 50 हजार रुपए प्रति एकड़ राहत की मांग की। वहीं 2025 का फसल बीमा अब तक नहीं मिलने और खाद के लिए किसानों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया।
कांग्रेस ने जमीन के रकबे के अनुसार खाद वितरण और कालाबाजारी रोकने की मांग की। इसके अलावा मर्ज के नाम पर बंद किए गए 10 प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने की मांग भी की गई। कांग्रेस का कहना है की स्कूल बंद होने से बच्चों को 3 से 4 किलोमीटर दूर पढ़ने जाना पड़ रहा है। इस मौके पर कई युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली।