रीलबाजी का खुमार, महिलाओं के कपड़े पहन राहगीरों को रोकने का आरोप; 3 गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रील बनाने का जुनून अब युवाओं को मुश्किल में डाल रहा है। छिंदवाड़ा के चंदनगांव इलाके में कुछ युवकों द्वारा महिलाओं के कपड़े पहनकर सड़क पर वाहन चालकों को रोकने और उन्हें परेशान करने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला एमपी के छिंदवाड़ा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चंदनगांव इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनकर सड़क पर खड़े होते थे। इसके बाद वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोककर उनके साथ मजाक और परेशान करने वाले वीडियो बनाए जाते थे। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के तौर पर शेयर किया जाता था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोग परेशान हो रहे थे। मामले को लेकर पुलिस तक शिकायतें भी पहुंची थीं। इसी बीच सोशल मीडिया पर युवकों के बनाए वीडियो सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच करते हुए पुलिस ने उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकित मोहरे, विशाल और शानू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक इमलीखेड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की और तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर लोगों को रोककर परेशान करने और सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो बनाने के मामले में कार्रवाई की गई है। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में सार्वजनिक स्थानों पर की जाने वाली गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े करता है। रील बनाना युवाओं के बीच लोकप्रिय है, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर दूसरे लोगों की परेशानी या असुविधा का कारण बनने वाली गतिविधियों पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और वायरल वीडियो से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।