गणेश महाआरती के दौरान करंट से किशोर की मौत; पंडाल की बिजली व्यवस्था पर सवाल | SAGAR TV NEWS |
गणेश उत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गणेश पंडाल में महाआरती के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में किशोर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला एमपी के जबलपुर जिले के धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र के जासूजा सिटी फेस-3 स्थित जासूजा टावर के पास का है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे गणेश पंडाल में महाआरती चल रही थी। इसी दौरान 16 वर्षीय शौर्य चानपुरिया अपने दोस्तों के साथ पंडाल में मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महाआरती के दौरान शौर्य टेबल उठाने लगा। इसी दौरान उसे अचानक करंट का झटका लगा। करंट लगने के बाद शौर्य ने अपने दोस्त को इसकी जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में वह पंडाल के पास जमीन पर गिर पड़ा।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शौर्य के साथ उसका दोस्त अज्जू अहिरवार भी मौजूद था। लोगों ने तत्काल शौर्य को संभाला और इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद शौर्य को मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं स्थानीय लोगों और परिजनों ने गणेश पंडाल की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पंडाल में बिजली कनेक्शन, वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी के मुताबिक, जांच के दौरान यदि बिजली व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।