सागर- गोपाल भार्गव बोले मोबाइल ने बच्चों को अधर्म सिखाया,उन्हें धर्म और संस्कृति से जोड़ने की जरूरत
बच्चों को मोबाइल ने बहुत अधर्म सिखा दिया है इसलिए बच्चों को धर्म की तरफ भेजने की कोशिश होनी चाहिये। इसके लिए उन्हें प्रेरित करना होगा। धर्म और संस्कृति के बारे में बताना होगा। ये बात पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने कही है। दरअसल वह सागर के रहली में विराजे नगर राजा के नाम से प्रसिद्ध जय भारत गणेश मंडल द्वारा विराजित महागणपति की विशाल प्रतिमा की महाआरती में शामिल होने पहुंचे थे।
पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव ने युवाओं और बच्चों को लेकर एक महत्वपूर्ण बात कही। पंडाल में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा की आज कल बच्चे मोबाइल और इंटरनेट की नकारात्मकता में अपना समय ज्यादा बिता रहे हैं। भले ही कुछ दिनों के लिए सही, लेकिन बच्चों को इस डिजिटल लत से दूर कर बुद्धि के दाता गणपति जी की आराधना से जोड़ने का प्रयास वह सालों से कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा की गणेश उत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उमंग देखी जाती है। आर्थिक या पारिवारिक कारणों से जो बच्चे स्थापना नहीं कर पाते थे।
उन्हें सालों से पूरी विधानसभा में मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं, पूजन सामग्री और पूजन विधान की विधि निःशुल्क वितरित की जा रही है। पूर्व मंत्री ने बताया कि बच्चों को अपनी पौराणिक परंपराओं और मिट्टी के गणेश जी से जोड़कर उन्हें अपार आनंद की अनुभूति होती है। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है की वह बच्चों को टीवी और मोबाइल के बजाय धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।