सागर- लाइनमैन की वेशभूषा में दिखे गणपति बप्पा, सुरक्षा का दिया संदेश | SAGAR TV NEWS |
गणेश उत्सव के दौरान सागर जिले के बीना में भगवान गणेश की एक अनोखी झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां गणपति बप्पा को लाइनमैन की वेशभूषा में सजाया गया है। सिर पर हेलमेट, शरीर पर सेफ्टी बेल्ट और साथ में रस्सी व विद्युत कार्य में इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरणों के साथ सजे गणपति लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सुरक्षा का संदेश भी दे रहे हैं। यह अनोखी झांकी विद्युत वितरण कंपनी के बीना कार्यालय में तैयार की गई है। झांकी में भगवान गणेश को लाइनमैन का रूप दिया गया है। गणपति बप्पा के हाथों और आसपास बिजली के काम में इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरणों को दर्शाया गया है। हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि बिजली के काम के दौरान सुरक्षा नियमों और उपकरणों का इस्तेमाल बेहद जरूरी है।
विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक, गणेश उत्सव के धार्मिक माहौल के साथ लोगों तक जनजागरूकता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से यह अनोखी प्रतिमा तैयार कराई गई है। खास तौर पर बिजली कर्मचारियों और आम लोगों को विद्युत कार्य के दौरान सावधानी बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बताया गया कि सहायक अभियंता ग्रामीण संजय अहिरवार के प्रयास से स्थानीय मूर्तिकारों ने गणपति की इस विशेष प्रतिमा को तैयार किया है। प्रतिमा को देखने के लिए सुबह और शाम बड़ी संख्या में विद्युत विभाग के कर्मचारी, उनके परिवार और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
गणपति के इस अनोखे रूप को देखकर श्रद्धालु भी इसकी सराहना कर रहे हैं। धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजन में सामाजिक और सुरक्षा जागरूकता का संदेश जोड़ने की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस झांकी के माध्यम से बिजली विभाग की ओर से खास तौर पर यह संदेश दिया जा रहा है कि विद्युत लाइन, पोल या अन्य उपकरणों पर काम करते समय बिना सुरक्षा उपकरणों के जोखिम न लिया जाए और प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा ही विद्युत संबंधी कार्य किया जाए। यानी बीना में गणपति बप्पा इस बार सिर्फ आशीर्वाद ही नहीं दे रहे, बल्कि सुरक्षा पहले का संदेश भी दे रहे हैं।