पूर्व सांसद का बेबाक अंदाज़, तमाम बातों पर लगाया विराम, पार्टी जहां बोलेगी वहीं से करेंगे तैयारी !
कभी तत्कालीन केंद्रीय मंत्री को चुनाव में शिकस्त देने वाले पूर्व सांसद जिनकी गतिविधियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी था। उन्होंने अपने बेबाक अंदाज़ में तमाम बातों पर विराम लगा दिया, जो उनके बारे में कही जा रही थी। पूर्व सांसद केपी यादव ने कहा की शिवपुरी उनकी कर्मभूमि है। पार्टी जहां से भी कहेगी वह वहीं से तैयारी करेंगे।
दरअसल शिवपुरी जिले में सियासी गर्माहट देखने मिल रही है। इसी बीच पूर्व सांसद केपी यादव अचानक शहर के एसपी ऑफिस पहुंचे और मीडिया से खुलकर दिल की बात रखी। पिछले कुछ समय से राजनीतिक गलियारों में उनकी गतिविधियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। जिन पर उन्होंने बेबाकी से जवाब देते हुए कहा की शिवपुरी सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है। उन्होंने याद दिलाया कि उनके पिता की शिक्षा इसी धरती पर हुई थी। यह उनकी कर्मभूमि रही है। इसलिए यहां के लोगों से उनका जुड़ाव इतना गहरा है कि वे इसे कभी भुला नहीं सकते।
वहीं जब केपी यादव से आगामी चुनावों और राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल किया गया। तो उन्होंने कहा की भारतीय जनता पार्टी में किसी को पद नहीं बल्कि दायित्व मिलता है। उन्होंने कहा की कैसे पहले उन्हें लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी गई थी, बाद में पार्टी ने सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन के चेयरमैन पद के साथ-साथ बिहार, असम और तेलंगाना जैसे राज्यों में संगठन के कार्यों की कमान सौंपी। जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया। आगामी चुनावों में शिवपुरी से दोबारा दावेदारी के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए गेंद पार्टी के पाले में डाल दी और कहा कि पार्टी उन्हें जहां और जैसी भी जिम्मेदारी देगी, वे पूरी ऊर्जा के साथ उसे निभाएंगे। अगर आदेश हुआ तो वे यहीं से अपनी तैयारी शुरू कर देंगे।------