Sagar - टॉय कार में सवार होकर निकले बप्पा, देखते रह गये लोग, बारिश में भी कम नहीं हुआ उत्साह |
सागर में 12 दिनों से चल रहे गणेश महोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के साथ समापन हो गया। सुबह से रिमझिम बारिश होती रही, लेकिन आसमान से बरसती बूंदें भी भक्तों की आस्था और उत्साह को नहीं रोक सकीं। जगह-जगह गणपति बप्पा की धूमधाम से विदाई की गई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे शहर में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।
इस बीच सागर के बरिया घाट वार्ड में रहने वाले रोहित सोनी के परिवार ने बप्पा की विदाई के लिए कुछ ऐसा अनोखा किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। परिवार ने बच्चों के खेलने वाली टॉय कार को फूल-मालाओं से सजाया और उसमें गणपति बप्पा को विराजमान कराकर भव्य विदाई झांकी नगर में निकाली।
बप्पा की यह अनोखी सवारी बरिया घाट वार्ड से शुरू हुई। यात्रा बड़ा बाजार और कोतवाली होते हुए चकरा घाट तक पहुंची। इस दौरान रोहित सोनी का पूरा परिवार बप्पा के साथ मौजूद रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर परिवार के सदस्य खुशी से झूमते रहे और बारिश के बीच भी भक्ति का रंग और गहरा होता गया।
जिस रास्ते से बप्पा की यह अनोखी झांकी निकली, वहां लोगों की नजरें ठहर गईं। कोई इस अनोखी सवारी को निहारता रहा तो कई लोग अपने मोबाइल में तस्वीरें और सेल्फी लेते नजर आए।
चकरा घाट पहुंचने के बाद परिवार ने बप्पा को फोर व्हीलर में विराजमान किया और श्रद्धा के साथ नदी में विसर्जन के लिए ले गए। चेहरे पर विदाई का भावुक पल था, लेकिन दिल में अगले साल फिर बप्पा के आने की उम्मीद थी। बारिश के बीच हुई यह अनोखी विदाई लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।