Sagar-रिमझिम फुहारों के बीच बप्पा को विदाई देने राजघाट में उमड़ा सैलाब, खूबसूरती मन मोह ले
रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच शुक्रवार को सागर में गणपति विसर्जन का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाएं लेकर राजघाट बांध पहुंचे। बारिश के बीच आस्था और भक्ति का ऐसा संगम नजर आया, जिसने गणपति विसर्जन के इस पल को और भी खास बना दिया।
कोई स्कूटी से, कोई बाइक से तो कोई चार पहिया वाहन से अपने घरों में विराजे गणपति बप्पा को लेकर राजघाट पहुंचा। वहीं, विभिन्न गणेश पंडालों में विराजमान प्रतिमाओं को ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से लाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बप्पा को विदाई दी और अगले बरस फिर जल्दी आने की प्रार्थना की।
विसर्जन के दौरान राजघाट बांध पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। प्रशासन की ओर से बैरिकेड्स लगाए गए थे, जबकि पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
इस बार गणपति विसर्जन के साथ राजघाट बांध की प्राकृतिक खूबसूरती भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण राजघाट बांध ओवरफ्लो हो गया है। बांध से बहता पानी, चारों ओर हरियाली, आसमान में छाए बादल और रिमझिम बारिश ने पूरे इलाके की सुंदरता को और निखार दिया।
ऐसे में राजघाट पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह सिर्फ बप्पा की विदाई का अवसर नहीं रहा, बल्कि प्रकृति के मनमोहक नजारों का आनंद लेने का मौका भी बन गया। एक ओर आंखों में विदाई की नमी थी, तो दूसरी ओर राजघाट की खूबसूरती ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।