Sagar- एक ही दुर्गा पंडाल में विराजी माँ की 21 प्रतिमाएं, 1 हजार मीटर की गुफा से हो रहे दर्शन
वैसे तो नवरात्रि के दिनों में काफी अलग ही माहौल देखने को मिलता है। लोगों में उत्साह रहता है। जगह-जगह पंडालों में माँ दुर्गा की प्रतिमाएं विराजित की जाती हैं इन्ही में से आपको एक ऐसे दुर्गा पंडाल के बारे में बताते हैं जहां एक ही जगह 21 प्रतिमाओं की स्थापना की गयी है। जी हां सागर जिले के देवरी क्षेत्र के बेलढाना में एक ही दुर्गा पंडाल में 21 प्रतिमाओं की स्थापना की गई है ख़ास बात ये भी है की तकरीबन एक हजार मीटर लंबी गुफा से होकर श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर रहे हैं।
बाबा बेरीशाल की नगरी बेलढाना गांव में नवरात्रि के पावन पर्व पर इस साल भव्य दुर्गा पंडाल सजाया गया है। यहां नवदुर्गा समिति द्वारा एक ही जगह 21 प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। आकर्षक सजावट और अनूठी झांकी के कारण यह पंडाल क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां दर्शनों के लिए नवरात्रि के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
बताया गया की समिति द्वारा तैयार की गई इस झांकी में श्रद्धालुओं के लिए करीब एक हजार मीटर लंबी गुफा बनाई गई है। श्रद्धालु इस गुफा से होकर गुजरते हुए एक ही स्थान पर स्थापित 21 प्रतिमाओं के दर्शन कर रहे हैं। झांकी की विशेष बनावट और धार्मिक माहौल लोगों को आकर्षित कर रहा है।
नवदुर्गा समिति बेलढाना के सदस्य बलदेव लोधी बताते हैं की समिति द्वारा हर साल नवरात्रि पर विशेष आयोजन का प्रयास किया जाता है। इस साल 21 प्रतिमाओं की स्थापना के साथ करीब एक हजार मीटर लंबी गुफा तैयार की गई है। ताकि श्रद्धालु एक अलग अनुभव के साथ माता के दर्शन कर सकें।
गौरतलब है की सागर जिले के गौरझामर स्थित प्रसिद्ध फूलबाग मैदान में पूर्व में लगातार चार सालों तक एक ही पंडाल के नीचे क्रमशः 51, 101, 151 और 201 प्रतिमाओं की स्थापना की जा चुकी है। इन आयोजनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। वहीं अब बेलढाना गांव में सजाई गयी ये झांकी अनूठी और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।