Sagar- अल्पवर्षा से किसानों की बढ़ी चिंताएं, फसल का सर्वे और मुआवजे की मांग, 830 मिमी कम हुई बारिश
सागर जिले के केसली में कम बारिश की बात सामने आई है जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ा है। उनकी चिंताएं बढ़ी हुई है। साथ ही फसल का सर्वे और मुआवजे की मांग भी की गयी है। दरअसल बताया गया की पिछले साल के मुकाबले इस साल 830 मिलीमीटर कम बारिश हुई है। जिसके बाद अब राहत देने की मांग उठाई गयी है। इसी को लेकर प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। जिसमें प्रभावित गांवों में फसलों का तत्काल सर्वे कराने, पात्र किसानों को मुआवजा देने और कृषि संबंधी समस्याओं का निराकरण की बात कही गई।
ज्ञापन में बताया गया की केसली विकासखंड में इस साल 676 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में लगभग 1506 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस लिहाज से इस दफा करीब 830 मिलीमीटर कम बारिश हुई है। अल्पवर्षा के कारण फसलों और कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है जिससे किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा मांग की गयी है की विकासखंड के गांवों में फसलों की वास्तविक स्थिति का तत्काल सर्वे कराया जाए। प्रभावित किसानों की फसल क्षति का निष्पक्ष आंकलन कर नियमानुसार मुआवजा, सूखा राहत और शासन की अन्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। वहीं अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों को विशेष राहत पैकेज देने की मांग भी की गई।
वहीं डीएपी, यूरिया समेत अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इसमें खाद वितरण में कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर रोक लगाने साथ ही किसानों को उनकी जरुरत के हिसाब से खाद उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ई-टोकन व्यवस्था के कारण ग्रामीण किसानों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख करते हुए इसे बंद करने और संशोधित कर सरल और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की बात भी की गई।
तो कृषि और सिंचाई कार्यों के लिए निर्धारित समय के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग भी की है। इसके अलावा किसानों की कुछ और मांगे भी हैं।