शिक्षा का मंदिर बन गया दंगल, शिक्षिका ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा और हाथापाई, बुलानी पड़ गई पुलिस !
शिक्षा का मंदिर स्कूल जहां बच्चों को शिक्षा दी जाती है वही जगह अचानक से दंगल का मैदान सा बन गयी। शिक्षकों में शुरू हुई नोंकझोंक हाथापाई तक पहुंच गयी। माहौल ऐसा गर्माया की मासूम बच्चे बुरी तरह से सहम गए। हद तो ये है की जब जांच टीम मौके पर पहुंची तो तब भी हाईवोल्टेज ड्रामा हो गया। मामला इतना बिगड़ गया की पुलिस को बुलाना पड़ा। मामला पन्ना जिले से सामने आया है। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
बताया जा रहा है की पन्ना जिले के सरकारी कन्या माध्यमिक स्कूल बृजपुर में ये तमाशा हुआ। स्कूल परिसर में आपसी कलह और मारपीट देखने को मिली। इस पूरे मामले में हैरानी की बात ये सामने आई की जब मामले की जांच करने पहुंची जिला शिक्षा अधिकारी की पांच सदस्यीय समिति के सामने ही स्कूल में हाईवोल्टेज ड्रामा और तीखी बहस शुरू हो गई।
दरअसल ये मामला बीते 1 अक्टूबर का बताया जा रहा है। जब नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान शिक्षिका रजनी सोनी, शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी के बीच तीखा विवाद हुआ था। इस तमाशे को बच्चे भी देखकर डर गये थे। आरोप है की इस दौरान शिक्षिका रजनी सोनी ने अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता और हाथापाई की, जिसके बाद से पीड़ित शिक्षक खौफ के साए में हैं। हाथापाई का यह वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा हे।
हालात बिगड़ते देख जांच अधिकारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कार्रवाई के लिए बृजपुर थाने से महिला पुलिस बल की मदद बुलानी पड़ी। फिलहाल जांच समिति सभी पक्षों और छात्रों के बयान दर्ज कर रही है जल्द ही रिपोर्ट सौंपकर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।