75 फ़ीट ऊंची चट्टान पर चमत्कारी अबार माता का दरबार, मंदिर की अनोखी मान्यताएं, 1 हजार साल पुराना मंदिर
वैसे तो बुंदेलखंड क्षेत्र का अपना अलग इतिहास रहा है यहां की संस्कृति और यहां की चीजें अपने आप में अनूठी मानी जाती हैं। इसी तरह का सैंकड़ों साल पुराना एक मंदिर भी है जिसे चमत्कारी अबार माता का दरबार कहा जाता है। जिसकी खासियत ये है की ये मंदिर 75 फ़ीट ऊंची चट्टान पर मौजूद है जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शनों को पहुंचते हैं। ये प्रसिद्ध जगह छतरपुर जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र में मौजूद है। जहां कई सारी लोक गाथाएं भी प्रचलित हैं। इन दिनों नवरात्रि चल रही हैं। जिससे यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का लगातार सिलसिला लगा हुआ है।
बता दें की अबार माता मंदिर अपनी प्राचीन लोक कथाओं और अनोखी धार्मिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद माता रानी पूरी करती हैं। करीब एक हजार साल पुराने इस मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। यहां की सबसे ख़ास पहचान करीब 75 फ़ीट ऊंची चट्टान है। स्थानीय मान्यता प्रचलित है की महाशिवरात्रि पर चट्टान तिल भर बढ़ती है। हालांकि इस दावे की किसी तरह की कोई वैज्ञानिक पुष्टि नहीं है।
यहां पर एक बात और भी ख़ास मानी जाती है जैसे यहां श्रद्धालु मनोकामना मांगते समय चट्टान पर उल्टा हाथ रखते हैं वहीं मुराद पूरी हो जाने पर सीधा हाथ रखकर माता का आभार जताते हैं। निःसंतान दंपतियों में भी माता के आशीर्वाद को लेकर विशेष आस्था है।
इस मंदिर की स्थापना को बुंदेलखंड के वीर योद्धा आल्हा-ऊदल से जोड़ने वाली लोककथा भी प्रचलित है। कहा जाता है कि जंगल में रात्रि विश्राम के दौरान देवी के दर्शन होने पर उन्होंने मंदिर बनवाया था। ये मंदिर आज भी आस्था और मान्यताओं का अनूठा केंद्र बना हुआ है।