रजिस्ट्री ऑफिस में टोकन के नाम पर अवैध वसूली, कलेक्टर ने लगाई फटकार,रजिस्टर भी किया जब्त !
रजिस्ट्री ऑफिस में टोकन के नाम पर अवैध रूप से वसूली की जा रही थी। खुद कलेक्टर के पास इस तरह की शिकायतें पहुंच रही थी की जमीन की धोखाधड़ी की जा रही है अवैध बिक्री की शिकायतें भी मिल रही थी। बस फिर क्या था दमोह जिले के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव रजिस्ट्री कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए और खेल का पर्दाफाश हो गया। इस दौरान टोकन के नाम पर निजी व्यक्ति द्वारा पैसे लेने की शिकायत मिली। कलेक्टर ने रजिस्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही मौके पर पुलिस को जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने रजिस्ट्रार से भी जवाब मांगा है। बता दें की ये पूरा मामला दमोह के रजिस्ट्री ऑफिस का है।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर को शिकायत मिली थी कि संपदा 2.0 पोर्टल ऑनलाइन होने के बावजूद कार्यालय में ऑफलाइन रजिस्टर में एंट्री की जा रही थी। टोकन के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे थे। नोट टू एडिटर के अनुसार, रजिस्टर में एंट्री करने और पैसे लेने वाले युवक का कहना था कि राशि सर्विस प्रोवाइडर की है। जबकि सर्विस प्रोवाइडर ने कहा कि वह पैसा किसी को देने के लिए लाया था। अब पुलिस इस मामले की जांच करेगी।
इसके अलावा कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान भूमि मालिकों के नाम के आगे ‘उर्फ’ लगाकर जमीन दूसरों को बेचने की शिकायत सामने आई। नजूल की जमीन और पट्टे बिना अनुमति बेचने के मामले भी सामने आए हैं। तो वहीं कॉलोनियों में मकानों की जगह प्लॉटों की रजिस्ट्री होने से सरकार को राजस्व का नुकसान होने की बात भी कही जा रही है।
इस दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा की रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारियों की जिम्मेदारी है की कोई बाहरी व्यक्ति वहां बैठकर रजिस्टर न रखे और लोगों से पैसे न ले। ऐसे व्यक्ति को कार्यालय से बाहर किया जाना चाहिए। वहीं अब रजिस्ट्री कार्यालय में शासन की ओर से निर्धारित फीस के बोर्ड लगाए जाएंगे। सर्विस प्रोवाइडर को भी अपने यहां फीस की जानकारी वाले बोर्ड लगाने होंगे। बताया गया की मामले में पुलिस जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।-