शास्त्रीय संगीत की गूंज, 110 विद्यार्थियों ने सीखी गायकी की बारीकियां
एमपी के उज्जैन के शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय में सुरों की ऐसी महफिल सजी, जहां विद्यार्थियों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को करीब से समझा। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति संचालनालय के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय शास्त्रीय गायन कार्यशाला में करीब 110 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। देश के वरिष्ठ शास्त्रीय गायक पंडित सुधाकर देवल ने विद्यार्थियों को गायकी की तकनीक और रागों की विशेषताओं से रूबरू कराया।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के संयोजक शरद सूर्यवंशी ने बताया कि तीन दिनों तक विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के पहले दिन थाटों पर आधारित रागमाला और राग यमन में छोटा ख्याल ‘मोहे दरस दीजो’ का अभ्यास कराया गया। दूसरे दिन राग यमन में तराना, राग खमाज में ठुमरी और देशभक्ति गीत की प्रस्तुति के जरिए संगीत की विविध विधाओं से परिचित कराया गया।
वहीं, अंतिम दिन राग रागेश्वरी, राग भैरवी और राग यमन कल्याण की बंदिशों के माध्यम से विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सुर, लय और रागों की बारीकियों को समझने का प्रयास किया।
कार्यशाला में हारमोनियम पर अतुल कुमार साकेत, तबले पर शरद सूर्यवंशी और अभिषेक माथुर तथा सारंगी पर अली अहमद खान ने संगत की। समापन समारोह में वरिष्ठ शास्त्रीय गायक पंडित सुधाकर देवल का महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, संगीत कलाकार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संयोजक शरद सूर्यवंशी के मुताबिक, इस तरह की कार्यशालाएं युवाओं में शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। तीन दिवसीय कार्यशाला के समापन के साथ ही विद्यार्थियों को संगीत साधना के नए अनुभव और सीखने का अवसर मिला।