Sagar- देवरी में नदी से मिला 42 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में एक 42 वर्षीय युवक का शव नदी से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक गुरुवार दोपहर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी खेत के पास नदी किनारे उसके जूते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और गोताखोरों की मदद से नदी की गहराई से शव बरामद किया गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला देवरी थाना क्षेत्र के मुआर खास गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 42 वर्षीय गब्बर पिता नन्हेभाई राजपूत गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता था। उसके भाई दंगल राजपूत ने देवरी थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, गब्बर का मोबाइल फोन बंद था और तमाम जगह तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार दोपहर परिजन और ग्रामीण गब्बर की तलाश करते हुए रोजा हार स्थित उसके खेत के पास पहुंचे। यहां नदी किनारे युवक के जूते दिखाई दिए। इसके बाद नदी में तलाश की गई, लेकिन पानी गहरा होने के कारण परिजन शव नहीं खोज पाए। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद नदी की गहराई से युवक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी भेज दिया। पोस्टमार्टम में देरी के चलते शनिवार सुबह शव परीक्षण होने की जानकारी सामने आई है।मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अरुण उइके के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक के पास लोगों के आने-जाने की जानकारी के आधार पर कुछ युवकों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, युवक की मौत हत्या है या हादसा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। अब सवाल यही है कि गब्बर की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?