Sagar- मालथौन में SDM का एक्शन ! अस्पताल की सफाई पर नाराजगी, 3 दिन का अल्टीमेटम
सागर जिले के मालथौन में नवागत एसडीएम मोना दांगी ने पदभार संभालते ही व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी मिलने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं राशन दुकान पर पहुंचकर हितग्राहियों से राशन वितरण की हकीकत भी जानी।
मालथौन की नवागत अनुविभागीय अधिकारी मोना दांगी शुक्रवार को तहसीलदार के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने ओपीडी, प्रसूति वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र यानी एनआरसी, एक्स-रे कक्ष और दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया। एसडीएम ने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान एनआरसी में कम बच्चों के भर्ती होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस पर मौके पर मौजूद डॉक्टर और एनआरसी प्रभारी अपनी ओर से सफाई देते नजर आए। इसके बाद एसडीएम ने एनआरसी की रसोई का निरीक्षण किया। रसोई में जगह कम होने पर उन्होंने उसे दूसरे कमरे में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में पुरुष और महिला शौचालयों सहित साफ-सफाई की व्यवस्था में कमियां मिलने पर एसडीएम ने संबंधित स्टाफ को तीन दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की नियमित और आउटसोर्स कर्मचारियों के माध्यम से सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि वे दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगी।
स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद एसडीएम मोना दांगी राशन दुकान पहुंचीं। यहां उन्होंने राशन लेने आए हितग्राहियों से पूछा कि उन्हें निर्धारित मात्रा में और समय पर राशन मिल रहा है या नहीं। हितग्राहियों ने राशन समय पर और पूरा मिलने की बात कही। इसके बाद एसडीएम ने राशन विक्रेता से स्टॉक की जानकारी ली और रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। अब देखना होगा कि एसडीएम के निर्देशों के बाद तीन दिन में अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है। फिलहाल औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जिम्मेदारी बढ़ गई है।