Sagar -गरबा का जुनून लाया जीत, किसी के घर पहुंची स्कूटी तो किसी के हाथ आया iPhone, लाखों के उपहार मिले
सागर में नवरात्रि की रंगत इन दिनों देखते ही बन रही है। शहर में जगह-जगह गरबा और डांडिया के रंगारंग आयोजन हो रहे हैं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागी, गरबा की धुन पर थिरकते कदम और उत्साह से भरा माहौल हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इन्हीं आयोजनों के बीच मकरोनिया स्थित क्राउन पैलेस होटल का क्राउन गरबा इस बार खास चर्चा में रहा। 45 दिनों तक चले इस गरबा महोत्सव का ग्रैंड फिनाले उत्साह, उमंग और शानदार प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।
ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कोई पारंपरिक गुजराती परिधान में नजर आया तो किसी ने आकर्षक ड्रेसअप के साथ गरबा की प्रस्तुति दी। जैसे ही संगीत की धुन शुरू होती, प्रतिभागियों के कदम ताल से ताल मिलाते हुए गरबा के रंग में रंग जाते। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में जीतने से ज्यादा गरबा के प्रति उत्साह और सहभागिता का जुनून दिखाई दिया।
मकरोनिया स्थित क्राउन पैलेस होटल में पिछले 16 वर्षों से गरबा का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव को खास बनाने के लिए प्रतिभागियों ने 45 दिन पहले से ही अभ्यास करता है यारी शुरू कर दी थी और आखिरी के तीन दिनों में गजब का परफॉर्मेंस देखने को मिला यह गरबा देखने के लिए बड़ी संख्या में उनके परिजन अभिभावक और शहर के अन्य लोग भी पहुंचे थे
इस महोत्सव में प्रतिभागियों ने लगातार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए गरबा के प्रति समर्पण दिखाया। अंतिम तीन दिनों में तो आयोजन का उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में प्रतिभागी अलग-अलग आकर्षक परिधानों में पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ गरबा में शामिल हुए।
इस आयोजन की एक खास बात यह भी रही कि क्राउन गरबा के ओनर राहुल साहू स्वयं अपनी पत्नी राखी साहू के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। दोनों ने भी प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम और ताल से ताल मिलाकर गरबा किया। इससे आयोजन में सहभागिता और पारिवारिक माहौल का रंग और गहरा हो गया। इस ग्रैंड फिनाले में राहुल साहू की मां भी वहीं पर मौजूद रही जिन्होंने शुरू से लेकर आखिरी तक इस आयोजन को देखा और फिर प्रतिभागियों को पुरस्कार भी अपने हाथों से वितरित किए,
क्राउन गरबा महोत्सव का सबसे रोमांचक पल ग्रैंड फिनाले में आया, जब विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों के लिए आयोजकों ने आकर्षक पुरस्कार रखे थे। जैसे ही विजेताओं के नाम पुकारे गए, पूरे परिसर में उत्साह देखने को मिला।
क्राउन गरबा की विनर दीपिका अर्जुन ठाकुर रहीं। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी प्रदान की गई। वहीं विजय तिवारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया और उन्हें आईफोन 16 पुरस्कार के रूप में दिया गया। तृतीय पुरस्कार के रूप में सुष्मिता कर्मी और अभिषेक को टैबलेट प्रदान किए गए। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी आकर्षक उपहार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस तरह क्राउन गरबा का ग्रैंड फिनाले केवल विजेताओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि 45 दिनों तक गरबा के प्रति समर्पण, उत्साह और सहभागिता का उत्सव बन गया। संगीत, रंग, परंपरा और शानदार पुरस्कारों के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन सागर की नवरात्रि की यादगार तस्वीरों में शामिल हो गया।