Sagar -30 साल से चली आ रही आस्था की परंपरा, नवरात्रि में भक्ति के रंग में रंगा पूरा गांव
नवरात्रि के पावन अवसर पर सागर-गढ़ाकोटा रोड स्थित चना टोरिया इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गांव में पिछले करीब 30 वर्षों से नवरात्रि के दौरान देवी प्रतिमा विराजित करने की परंपरा चली आ रही है। इस धार्मिक आयोजन में ग्रामीण उत्साह के साथ सहभागिता करते हैं और पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहता है। यहां पर शेर पर सवार अष्टभुजा धारी माता की प्रतिमा को स्थापित किया गया है दिन के समय भागवत कथा और रात में भजन संध्या जैसी आयोजन हो रहे हैं
नवरात्रि के अवसर पर देवी आराधना के साथ यहां श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान की लीलाओं का रसपान कर रहे हैं। इस वर्ष पंडित दीप किशोर जी महाराज और दीपक पटेरिया के द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराया जा रहा है।
कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का प्रसंग सुनाया गया। श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग शुरू होते ही कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागिता की। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके बाल स्वरूप की मनोहारी झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन दशक से चली आ रही यह परंपरा गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। नवरात्रि के नौ दिनों में गांव में पूजा-अर्चना, कथा और धार्मिक आयोजनों के चलते माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहता है। दूर-दराज से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर देवी आराधना और भागवत कथा का लाभ ले रहे हैं।