सागर- देवरी की मुआर नदी में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के देवरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुवार दोपहर से लापता 42 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को मुआर नदी से बरामद हुआ। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई ने उसके साथ मौजूद रहे चार लोगों पर मारपीट कर हत्या करने और शव नदी में फेंकने के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुआर का है। जानकारी के मुताबिक, युवक गुरुवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार सुबह पुलिस गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश करने पहुंची। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर में युवक का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
मृतक के भाई विक्रम सिंह दांगी का आरोप है कि घटना से पहले उनका भाई कुछ लोगों के साथ था और वहां शराब पार्टी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, एक दिन पहले होटल पर गाली-गलौज और विवाद होने की बात भी सामने आई थी। परिवार ने चार लोगों पर मारपीट कर हत्या करने और शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है।
मृतक के भतीजे भोला दांगी ने भी पुलिस को कुछ अहम जानकारियां दी हैं। उसके मुताबिक, गुरुवार सुबह नदी की ओर से आवाजें आ रही थीं और वहां कुछ लोग मौजूद थे। उसने यह भी बताया कि दोपहर बाद वहां से निकले कुछ लोगों के कपड़े भीगे हुए थे। हालांकि, इन बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में एसडीओपी अरुण सिंह उइके के अनुसार, गुरुवार शाम युवक के लापता होने की सूचना मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।
शुक्रवार को उसका शव नदी में मिला। परिजनों ने मारपीट की आशंका जताई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब सवाल यह है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।