इकलौते भाई की अ र्थी को बहनों ने दिया कांधा, बड़ी बहन ने दी मुखाग्नि
कुछ दृश्य ऐसे होते हैं, जो आंखों को नम और दिल को भावुक कर देते हैं। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा में ऐसा ही एक मार्मिक दृश्य सामने आया, जहां इकलौते भाई की अंतिम विदाई के समय बहनों ने बेटे का फर्ज निभाया। कवि पंडित रविशंकर शुक्ल, जिन्हें लोग ‘रवि विद्रोही’ के नाम से जानते थे, के निधन के बाद उनकी बहनों ने भाई की अर्थी को कांधा दिया। वहीं, बड़ी बहन रूखमणी शुक्ला ने मोक्षधाम में भाई को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा में कवि पंडित रविशंकर शुक्ल उर्फ रवि विद्रोही के निधन से शोक का माहौल है। रवि विद्रोही अविवाहित थे। परिवार में कोई अन्य पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण उनकी बहनों ने ही अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली। जब भाई की अंतिम यात्रा निकली, तो बहनों ने हिम्मत जुटाकर उनकी अर्थी को अपने कांधों पर उठाया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था। जिस भाई के साथ जीवनभर का रिश्ता जुड़ा था, उसी भाई को अंतिम विदाई देने की घड़ी में बहनों ने अपने आंसुओं को संभालते हुए हर जिम्मेदारी निभाई।
कान्हीवाड़ा के मोक्षधाम में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। बड़ी बहन रूखमणी शुक्ला ने अपने भाई को मुखाग्नि दी। यह पल सिर्फ एक परिवार के दुख की कहानी नहीं, बल्कि भाई-बहन के गहरे रिश्ते और मुश्किल समय में परिवार के लिए खड़े रहने के संकल्प को भी दर्शाता है। आमतौर पर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी परिवार के पुरुष सदस्य निभाते दिखाई देते हैं, लेकिन इस परिवार में बहनों ने आगे आकर अपने भाई को अंतिम विदाई दी। उनके इस साहस और भावनात्मक मजबूती ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
भाई को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। कान्हीवाड़ा में बहनों ने अपने इकलौते भाई की अर्थी को कांधा देकर और बड़ी बहन ने मुखाग्नि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। यह मार्मिक दृश्य लंबे समय तक लोगों के मन में याद रहेगा।