काली मिट्टी और दूर्वा से बनी मां वनदेवी की प्रतिमा, गुफा से होकर भक्त कर रहे दर्शन | SAGAR TV NEWS |
नवरात्रि में मां दुर्गा की भक्ति और आराधना के बीच एमपी के रायसेन में एक अनोखी पहल लोगों का ध्यान खींच रही है। यहां काली मिट्टी और दूर्वा यानी हरी घास से मां वनदेवी की प्रतिमा तैयार की गई है। खास बात यह है कि प्रतिमा बनाने में केमिकल युक्त सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया। पिछले दस वर्षों से रॉयल सिटी कॉलोनी के रहवासी प्राकृतिक सामग्री से प्रतिमाएं बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। इस बार त्रिकूट पर्वत की थीम पर सजे पंडाल में गुफा से होकर श्रद्धालु मां के दर्शन कर रहे हैं।
रायसेन शहर के सागर रोड स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में स्थापित मां वनदेवी की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने काली मिट्टी और दूर्वा से मां की प्रतिमा तैयार की है। रॉयल सिटी दुर्गा उत्सव समिति की यह पहल लगातार दसवें वर्ष भी जारी है। इससे पहले यहां लौंग, इलायची, सुपारी और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से भी प्रतिमाएं बनाई जा चुकी हैं।
समिति के संरक्षक रघुवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, अध्यक्ष रिंकू शर्मा के मार्गदर्शन में कॉलोनी की बेटियों और मातृशक्ति ने करीब आठ से दस दिनों की मेहनत से प्रतिमा तैयार की। इसे बनाने में लगभग 15 हजार रुपये खर्च हुए। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ लोगों को प्रकृति की रक्षा और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना है।
इस बार मां का दरबार त्रिकूट पर्वत की थीम पर सजाया गया है। पंडाल में गुफा जैसा स्वरूप तैयार किया गया है, जिसे प्राकृतिक लताओं, पत्तियों और बेलों से सजाया गया है। श्रद्धालु गुफा में प्रवेश करते ही भगवान गणेश के दर्शन करते हैं। इसके बाद भगवान भोलेनाथ के परिवार, मां वनदेवी, माता वैष्णो देवी और भैरवनाथ के दर्शन कर बाहर निकलते हैं।
हरियाली और प्राकृतिक सजावट से सजे इस पंडाल में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं और पर्यावरण जागरूकता के प्रयासों के लिए समिति को हिंदू उत्सव समिति सहित अन्य सामाजिक संगठनों से पुरस्कार भी मिल चुके हैं। रायसेन की रॉयल सिटी कॉलोनी में आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह अनूठा संगम संदेश दे रहा है कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना भी भक्ति और उत्सव को भव्य बनाया जा सकता है। मां वनदेवी की यह प्रतिमा लोगों को प्रकृति सहेजने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दे रही है।