दवा खाने के बाद बिगड़ी छात्रा की तबियत और नहीं बच सकी, निजी डॉ. पर आरोप, परिजनों ने किया हंगा मा !
किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 17 साल की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गयी। जिसके बाद हंगामा मच गया। गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल के बाहर चक्काजाम कर जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही महिला डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। मामला छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
बताया गया की बड़ा मलहरा की रहने वाली 17 साल की छात्रा शिवानी यादव थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है की निजी महिला डॉक्टर से इलाज कराने और दवा लेने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसकी जान गयी।
परिजनों का आरोप है की शिवानी की तबीयत खराब होने पर उसे निजी डॉक्टर डॉ. आभा खरे को दिखाया था। लेकिन दवा खाने के बाद रात में उसे उल्टी और सिर दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसे इलाज के लिए झांसी लेकर गए।
वहां से ग्वालियर रैफर किया जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का दावा है की दवा लेने से पहले उनकी बेटी बिल्कुल सामान्य थी। छात्रा की जान जाने के बाद गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल के बाहर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। साथ ही कार्यवाई का आश्वासन दिया।
मामले में सीएसपी अरुण सोनी का कहना था की पीएम कराया गया है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्यवाई की जायेगी।------