Sagar - 6 साल की उम्र में 400 दिन का संकल्प, नन्ही प्रकृति ने दिखाई अनुशासन की ताकत
सागर की महज 6 साल 10 महीने की नन्ही योगिनी प्रकृति तिवारी इन दिनों अपने संकल्प और अनुशासन को लेकर चर्चा में है। जिस उम्र में बच्चे खेल-कूद और मोबाइल में समय बिताते हैं, उस उम्र में प्रकृति ने लगातार 400 दिनों तक बिना किसी अंतराल के सूर्य नमस्कार कर एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है।
प्रकृति ने 11 सितंबर 2025 को रोजाना सूर्य नमस्कार करने का संकल्प लिया था। 15 अक्टूबर 2026 को उसने इस संकल्प के 400 दिन पूरे कर लिए। प्रकृति प्रतिदिन कम से कम 12 सेट सूर्य नमस्कार करती है, जिसमें कुल 144 आसनों का अभ्यास होता है। इतना ही नहीं, वह एक बार में लगातार 45 सेट सूर्य नमस्कार भी कर चुकी है।
प्रकृति का योग से रिश्ता तब शुरू हुआ, जब वह महज 3 साल की थी। धीरे-धीरे योग उसकी दिनचर्या का हिस्सा बनता गया और अब सूर्य नमस्कार उसके जीवन का अनुशासन बन चुका है। भुजंगासन, चक्रासन, राजकपोतासन, उष्ट्रासन और हनुमान दंड सहित कई योगासनों का वह नियमित अभ्यास करती है। उसके माता-पिता सोशल मीडिया के माध्यम से उसके योगाभ्यास को भी साझा करते हैं।
प्रकृति की उपलब्धि केवल योग तक सीमित नहीं है। वह अपने स्कूल की इकलौती छात्रा है, जिसकी उपस्थिति शत-प्रतिशत है। वह जंक फूड से भी दूरी रखती है और नियमित दिनचर्या को अपनी जीवनशैली का आधार मानती है।
पिता महेश तिवारी कहते हैं कि प्रकृति का उद्देश्य सिर्फ कोई रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि बच्चों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन की प्रेरणा देना है। प्रकृति को देखकर उसकी छोटी बहन नियति और सहेली आशवी रूसिया भी नियमित सूर्य नमस्कार करने लगी हैं।
अब परिवार इस उपलब्धि को आधिकारिक पहचान दिलाने के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स सहित अन्य रिकॉर्ड संस्थाओं में आवेदन की तैयारी कर रहा है। प्रकृति ने साबित किया है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प बड़ा हो तो मिसाल कायम की जा सकती है।