स्कूल पहुंचकर दबंगों ने बंद कराई प्रार्थना,भगवान के नाम पर आपत्ति, चार युवकों को भेजा गया जेल !
स्कूल में प्रार्थना चल रही थी बड़ी संख्या में बच्चे और स्कूल के शिक्षक भी मौजूद थे। लेकिन तभी वहां कुछ दबंग युवक पहुँच गए। जिन्होंने न सिर्फ प्रार्थना बंद करने की बात कही बल्कि इस पर आपत्ति जताई। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना अंतर्गत अमरपुर गांव की सरकारी हाईस्कूल का है। आरोप था की प्रार्थना में भगवान का नाम लेने पर आपत्ति जताई गयी। लेकिन ऐसा करना युवकों को महंगा पड़ गया। मामला बढ़ने पर शिकायत के बाद चार युवकों को जेल भेजा गया है।
बताया गया की टीकमगढ़ में स्कूल की प्रार्थना के दौरान भगवान का नाम लेने पर आपत्ति जताने और प्रार्थना बंद कराने के आरोप में चार युवकों को जेल भेजा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आए।
दरअसल आरोप है कि सुबह स्कूल में प्रार्थना के दौरान गांव के चार दबंग युवक स्कूल पहुंचे और भगवान का नाम लेकर प्रार्थना कराने पर आपत्ति जताते हुए इसे बंद करने को कहा। इस दौरान विवाद की स्थिति बन गई। पास खड़े हुए लोगो ने मोबाइल से इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद स्कूल के प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी और बड़ागांव पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी। जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को डराने साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया।
मामले में कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम संस्कृति मुदित लिटोरिया ने मामले में कार्रवाई की। थाना प्रभारी जयंत गोयल के मुताबिक पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस से भी अभद्रता भरी भाषा में बात की। इसके बाद पुलिस ने चारो आरोपी हीरा अहिरवार, रोहित अहिरवार, अजय अहिरवार और सुरेश अहिरवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किया। जहां एसडीएम ने शांति भंग के मामले में चारों को जेल भेज दिया। वहीं एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।-