Sagar- 122 साल पहले बंगाल के कोलकाता से सागर के पुरव्याऊ टौरी तक कैसे विराजीं काली माई?

 

कल्पना कीजिए, साल 1900 का सागर, अंग्रेजों की हुकूमत, न आज जैसी बिजली की रोशनी, न आधुनिक साधन, न आज जैसी सुविधाएँ। जीवन की गति धीमी थी... चारो तरफ डर का मौहाल कुछ भी मन का न करने की आजादी और गुलामी की जंजीरों में कैद हमारी भारत माता। लेकिन इसी दौर में सागर की धरती पर एक परंपरा की शुरुआत हुई, जिसने आने वाली पीढ़ियों के दिल में ऐसी ज्योति जलाई, जो आज 122 साल बाद भी जल रही है।

साल था 1904-05। सागर नगर की आबादी लगभग 42 हजार के आसपास रही होगी। यहाँ मराठा काल के शासन से एक व्यवस्था बनी हुई थी, जिसके तहत जब सागर के राजा और पेशवा के गवर्नर गोविंद पंत खैर ने सागर को एक समृद्ध रूप दिया, तो देश के अलग-अलग हिस्सों से सभी जातियों, संस्कृतियों और समाजों के लोगों को न सिर्फ आमंत्रित किया, बल्कि यहाँ बसाया।

इस बसावट का एक बड़ा हिस्सा पुरव्याऊ टौरी, लक्ष्मीपुरा, काकागंज, बरियाघाट, चकराघाट, बड़ा बाजार और रामपुरा में बसाया गया, जहाँ सभी लोग एकता और सौहार्द के साथ मिल-जुलकर रहते थे। इसके बाद जब अंग्रेजों का शासन हुआ, तो ये सभी अपनी एकता, अखंडता और सौहार्द को बनाए रहे।

सन् 1857 की क्रांति से पहले, 1842 में अंग्रेजों के खिलाफ बुंदेलखंड में विरोध की आँधी उठी थी, जिसे मिटाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत ने बुंदेलखंड और खासकर सागर का दमन करने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

इसके बाद भी अंग्रेजों की ज्यादतियाँ लगातार जारी रहीं। वहीं दूसरी तरफ, 1900 का दशक आते-आते देश के कई हिस्सों में आजादी के लिए आंदोलन शुरू हो गए थे। इन आंदोलनों में धार्मिक एकता के जरिये लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा था। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के जरिये लोग इकट्ठा होते और यहीं आजादी के संघर्ष की रणनीति भी बनाई जाती।

खैर, इसी दौर में कोलकाता केवल ब्रिटिश भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और दुर्गापूजा की समृद्ध परंपराओं का प्रमुख केंद्र था। साल 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में स्वदेशी आंदोलन तेज हुआ और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों को नई सामाजिक चेतना से भी जोड़ा जाने लगा।

ठीक इसी समय सागर के पुरव्याऊ टौरी पर रहने वाले हीरा सिंह राजपूत कोलकाता गए और वहाँ की दुर्गा प्रतिमा निर्माण परंपरा से प्रेरित हुए। हालाँकि, उनकी यात्रा का पूरा वृत्तांत, वहाँ उन्होंने क्या सीखा और क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी तो नहीं मिलती, लेकिन जब वे सागर वापस आए, तो उन्होंने पुरव्याऊ टौरी में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने की अपनी कल्पना को आकार दिया।

साल 1905 से आज तक पुरव्याऊ टौरी में माँ दुर्गा की महिषासुरमर्दिनी स्वरूप में स्थापना होती है। उनके साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय, माँ लक्ष्मी और माँ सरस्वती के स्वरूप भी विराजमान हैं।

खास बात यह है कि अंग्रेजी हुकूमत के समय, जब आवागमन के आधुनिक साधन नहीं होते थे, तब माता की प्रतिमा का विसर्जन उनके भक्त अपने कंधों पर उठाकर करते थे। हालाँकि, सुनने में आया था कि बीच में माता को कंधे की जगह किसी वाहन में झाँकी के साथ चल समारोह में ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन अप्रिय कारणों से सफलता नहीं मिली। इसके बाद सभी ने इसे माँ के आदेश के रूप में स्वीकार किया, जिसके बाद से यह परंपरा आज भी जारी है।

साल 2004 तक पंडाल और दुर्गा महोत्सव का आयोजन बेहद सादगी भरा होता था। आज जो विशाल पंडाल और दर्शनार्थियों की भीड़ दिखाई देती है, ऐसा नहीं हुआ करता था। लेकिन चल समारोह देखने के लिए पूरा सागर उस वक्त भी उमड़ आता था। पुरव्याऊ टौरी की काली नाम से पुकारी जाने वाली माई, "चल माई काली माई" के जयकारों के साथ चल समारोह का मुख्य आकर्षण हमेशा से रही।

वहीं, जब स्थापना के 99 वर्ष पूरे हुए और शताब्दी वर्ष की रूपरेखा के लिए स्थानीय लोग एकजुट हुए, तो सभी के प्रयासों से इस आयोजन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया। साल 2005 के बाद से आज तक हर साल पंडाल की भव्यता बढ़ती गई और माता के दर्शन करने वालों की भीड़ में इजाफा होता चला गया।

एक बात और खास रही। पुरव्याऊ टौरी वाली काली के चल समारोह में पहले कई बार कुछ हुड़दंगी माहौल खराब कर देते थे, लेकिन अब यह सब पूरी तरह बंद हो गया। माता की सवारी कंधे पर उसी शाही अंदाज में शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाती है, जो देखते ही बनती है।

पुरव्याऊ टौरी की काली माई केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सागर की एकता, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा की जीवंत पहचान हैं। पीढ़ियाँ बदलीं, समय बदला, लेकिन माँ के प्रति श्रद्धा और कंधों पर सवार उनकी शाही यात्रा की परंपरा आज भी उसी भक्ति और उत्साह के साथ जारी है।


By - sagar tv news
19-Oct-2026

YOU MAY ALSO LIKE

POPULAR POSTS

बंडा जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप! 39 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, बड़े पैमाने पर तबादले
by sagar tv news , 21-Sep-2026
सागर में जहरीली शराब का कहर, 19 मौ तें, 112 मरीज भर्ती; 10 आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
by sagar tv news , 07-Sep-2026
Sagar-गुरुपूर्णिमा पर जरूर करे ये उपाय, बढ़ेगी बरकत करियर में मिलेगी तरक्की, जानें ज्योतिषाचार्य से
by sagar tv news , 28-Jul-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
Read More

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.