सागर में 100 साल पुरानी परंपरा! नवरात्रि में माता रानी की आराधना करने निकले शेर, जगह-जगह हुआ स्वागत
शारदीय नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की भक्ति, आराधना और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु कोई व्रत रखकर, कोई पूजा-पाठ तो कोई गरबा और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से माता रानी की आराधना करता है। वहीं बुंदेलखंड की धरती पर नवरात्रि के दौरान निभाई जाने वाली शेर नृत्य की अनूठी परंपरा आस्था और संस्कृति का विशेष संदेश देती है।
सागर शहर के कृष्णगंज वार्ड में रजक समाज द्वारा निभाई जा रही यह परंपरा सौ साल से भी अधिक पुरानी बताई जाती है। हर वर्ष नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर समाज के लोग शेर की वेशभूषा धारण कर बैंड-बाजों की धुन पर नृत्य करते हुए माता रानी की आराधना के लिए निकलते हैं।
इसी परंपरा के तहत रविवार सुबह कृष्णगंज वार्ड स्थित देवी मंदिर से शेरों की टोली निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा, बैंड-बाजों की गूंज और भक्ति से सराबोर माहौल के बीच यह टोली गोपालगंज, तहसीली, मकरोनिया और कैंट सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। यहां देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में शेर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य देखा और जगह-जगह टोली का स्वागत किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शेर मां दुर्गा का वाहन है। इसी आस्था और विश्वास के साथ शेरों की टोली माता रानी के दरबार में पहुंचकर नृत्य के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित करती है। यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की लोक संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान भी है।
पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही इस परंपरा में आज भी रजक समाज के लोग पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेते हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर शेर नृत्य की यह परंपरा संदेश देती है कि आधुनिकता के दौर में भी हमारी आस्था, धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराएं लोगों के दिलों में जीवित हैं।