Sagar- 7 साल के राम का कमाल ! बाण लगते ही धू-धू कर जला 41 फीट का रावण
सागर के कजलीवन मैदान में 41 फीट ऊंचे रावण के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश गूंजा। हिंदू महासेना के इस आयोजन ने अपना 76वां वर्ष पूरा किया। खास बात यह रही कि भगवान श्रीराम की भूमिका के लिए 90 युवाओं के चाल-चलन और चरित्र का अध्ययन कर करीब 20 दिन की चयन प्रक्रिया के बाद 7 वर्षीय विराज श्रीवास को चुना गया। वहीं, 5 वर्षीय प्रेम श्रीवास लक्ष्मण और 12 वर्षीय आर्यन जाटव हनुमान बने।
सदर के 14 मुहाल मंदिर से निकला राम दल कजलीवन मैदान पहुंचा। पूजा-अर्चना के बाद राम स्वरूप में विराज ने जैसे ही रावण की नाभि पर बाण चलाया, 41 फीट का पुतला धू-धू कर जल उठा। आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा और बुंदेली लोकगीतों ने समां बांध दिया। इस भव्य आयोजन को देखने बड़ी संख्या में शहरवासी उमड़े।