Sagar -मां की भक्ति में झूमा परकोटा, भजनों से गूंजा पंडाल; अष्टमी पर लगा माता रानी को छप्पन भोग
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सागर के परकोटा स्थित परकोटा काली कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में नवरात्र की सप्तमी पर माता रानी की आराधना में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिमय भजनों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजन संध्या के दौरान माता रानी के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे। भक्तिमय संगीत और माता रानी के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान हो उठा। भजनों की मधुर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु स्वयं को नृत्य करने से रोक नहीं पाए। वहीं, पंडाल के पास से गुजर रहे श्रद्धालुओं ने भी रुककर भजनों का आनंद लिया और माता रानी की भक्ति में सराबोर नजर आए।
इसके पश्चात नवरात्र की अष्टमी पर माता रानी को छप्पन भोग अर्पित करने के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की माताएं एवं श्रद्धालु भक्तजन अपने-अपने घरों से माता रानी के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन एवं पकवान बनाकर लेकर आए। सभी व्यंजनों को माता रानी को श्रद्धापूर्वक अर्पित कर छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्मलाभ अर्जित किया।