Sagar- बीना में भारी वाहनों की मनमानी ! 33 केवी बिजली पोल टूटा, बाल-बाल बचे लोग
एमपी के सागर जिले के बीना में भारी वाहनों की मनमानी लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है! रिफाइनरी और जेपी प्लांट से जुड़े भारी वाहन दिन-रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कहीं ओवरलोड डंपरों से सड़कें खराब हो रही हैं, तो कहीं फ्लाई ऐश की धूल लोगों के लिए परेशानी बन रही है। इसी बीच एक भारी वाहन की टक्कर से 33 केवी बिजली लाइन का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार और ऑटो चालक इसकी चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। अब स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बीना क्षेत्र में रिफाइनरी और जेपी प्लांट से जुड़े फ्लाई ऐश से भरे डंपर और गैस कैप्सूल लगातार आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई भारी वाहन ओवरलोड होकर और तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इससे सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है और हादसों का खतरा भी बना रहता है। लोगों की परेशानी सिर्फ खराब सड़कों तक सीमित नहीं है। फ्लाई ऐश से भरे वाहनों के कारण उड़ने वाली धूल से राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच भारी वाहन की टक्कर से 33 केवी बिजली लाइन का पोल टूटकर गिर गया। घटना के दौरान दो वाहन चालक बाल-बाल बच गए। यदि कोई इसकी चपेट में आ जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। पोल टूटने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। आगासौद निवासी कीरत सेन सहित स्थानीय नागरिकों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के साथ ही शहर के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों को बायपास से निकाला जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
सवाल यही है कि जब भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें खराब हो रही हैं और बिजली के पोल तक टूट रहे हैं, तो प्रशासन कब सख्त कदम उठाएगा? क्या ओवरलोडिंग पर रोक लगेगी और भारी वाहनों को बायपास से निकाला जाएगा? फिलहाल, स्थानीय लोगों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।