Sagar -बीना में OBC आरक्षण पर संग्राम ! भीम आर्मी ने उठाई 50% आरक्षण की मांग
मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण को लेकर सियासत और विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। अब सागर जिले के बीना में भी आरक्षण के मुद्दे पर विरोध देखने को मिला है। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ओबीसी वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार अंबर पंथी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो जिलेभर में आंदोलन किया जाएगा।
बीना में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया। संगठन ने आरक्षण को लेकर सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग को उसका अधिकार मिलना चाहिए। राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि ओबीसी वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सरकार अध्यादेश लाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आरक्षण के मुद्दे पर स्पष्ट और प्रभावी निर्णय लिया जाना जरूरी है, ताकि पिछड़े वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों का लाभ मिल सके।
ज्ञापन में संगठन ने न्यायालय में ओबीसी आरक्षण के मामले की प्रभावी पैरवी नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया। कार्यकर्ताओं ने हाईकोर्ट के फैसले में 13 प्रतिशत होल्ड आरक्षण निरस्त होने और ओबीसी वर्ग को 14 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर नाराजगी जताई। संगठन का कहना है कि ओबीसी आरक्षण को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सरकार को इस मामले में ठोस पहल करनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक किया जाएगा।
बीना में ज्ञापन सौंपकर संगठन ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई है। अब देखना होगा कि इस मांग पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है। फिलहाल, संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर जिलेभर में आंदोलन की चेतावनी दी है।