सागर- गढ़ाकोटा में अचानक मचा बवाल, सड़क पर चक्का जाम, पुरानी रंजिश में हो गया मर्डर !
सागर जिले के गढ़ाकोटा में एक युवक की जान जाने के बाद जमकर बवाल मच गया। ऐसा हंगामा हुआ की परिजनों ने सड़क पर डेड बॉडी रखकर चक्काजाम कर दिया। साथ ही सख्त कार्यवाई और आरोपियों का मकान तोड़े जाने को लेकर प्रदर्शन किया गया। आरोप है की पुरानी रंजिश पर से घटना को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे। जहां परिजनों को समझाइश देकर चक्काजाम ख़त्म कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीओपी की माने तो दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश चल रही है।
बताया गया की दमोह जिले के पथरिया थाना अंतर्गत सेमरा बुजुर्ग गांव के पास परम उर्फ चिक्कू यादव की जान जाने के मामले में गढ़ाकोटा में आक्रोश देखने मिला। पुरानी रंजिश में मर्डर किये जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर चक्काजाम किया गया। परिजनों समेत परिचितों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई करने और मकान गिराने की मांग की। जाम की वजह से वाहनों की लंबी लाइन लग गयी थी। इसी बीच विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे उन्होंने परिजनों से चर्चा कर समझाइश दी। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारीयों से बातचीत कर जाम ख़त्म कराया।
जानकारी के मुताबिक गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के मजगुवां निवासी 35 साल का परम उर्फ चिक्कू यादव अपने परिवार के साथ सागर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के टड़ा गांव अपने जीजा के घर गए थे। जिनका कुछ दिन पहले निधन होने से परिवार के सदस्य वहां रुके थे। बीते रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से लौट रहे थे दूसरी बाइक पर छोटा भाई भी पीछे चल रहा था। आरोप है की इसी दौरान सेमरा बुजुर्ग गांव के पास परम की बाइक के आगे कार लगाकर उन्हें गिरा दिया। साथ ही धारदार हथियारों से हमला कर कार भी चढ़ा दी। गंभीर घायल परम को इलाज के लिए पथरिया अस्पताल भेजा गया। लेकिन उसकी जान जा चुकी थी। मृतक के छोटे भाई अनिल यादव का आरोप है की हमलावरों ने उसे भी मारने की कोशिश की थी लेकिन वह भाग निकला।
आरोप है की दोनों पक्षों में कई सालों से मर्डर के मामले को लेकर विवाद चला आ रहा है। अनिल यादव ने पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव पर घटना में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि आरोपों की पुष्टि होना बाकि है।
विधायक गोपाल भार्गव, प्रशासन की समझाइश और चर्चा के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम खोल दिया। जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।
रहली एसडीओपी पूजा शर्मा का कहना है की पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की। जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। मामले में घटना की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्यवाई की जायेगी।-