Sagar -625 करोड़ रुपए से तैयार होगी नई सेंट्रल जेल, 4000 कैदियों की क्षमता रहेगी, जाने और क्या होगा
सागर में चितौरा गांव के पास प्रस्तावित नई सेंट्रल जेल निर्माण का नया डीपीआर तैयार किया गया है। इस बार कैदियों की अगले 25 साल की संख्या वृद्धि का आकलन करते हुए डीपीआर तैयार किया गया है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, नई केंद्रीय जेल 4000 कैदियों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। इसमें 2890 कैदियों की क्षमता के हिसाब से हाई सिक्योरिटी बैरिक और 1110 कैदियों की क्षमता के सामान्य बैरिक तैयार किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि चितौरा में पहले से चिन्हित 80 हेक्टेयर यानी 200 एकड़ जमीन पर तैयार होने वाली नई सेंट्रल जेल की अनुमानित लागत 625 करोड़ रुपए के आसपास है, जबकि पूर्व में तैयार की गई डीपीआर में लागत करीब 250 करोड़ रुपए थी।
183 साल पहले बनी थी सेंट्रल जेल जानकारी के अनुसार, गोपालगंज में स्थित केंद्रीय जेल का निर्माण 183 साल पहले अंग्रेजी शासनकाल में 1843 में हुआ था। वर्तमान में जेल में कैदियों की क्षमता 894 है, जबकि जेल में 1800 से अधिक कैदी बंद सेंट्रल जेल में कैदियों की संख्या साल दर साल बढ़ती जा रही है, लेकिन शहर के बीच करीब 40 एकड़ में फैली इस जेल के विस्तार के लिए अब आसपास जमीन नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश शासन की पुनरावृत्तिकरण योजना के तहत केंद्रीय जेल को शहर से बाहर स्थापित किया जाना है। जिला प्रशासन के अनुसार, गोपालगंज स्थित वर्तमान जेल की जमीन का आफसेट मूल्य 884 करोड़ रुपए है।
चितौरा में बनने वाली आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्रीय जेल में प्रशिक्षण केंद्र, आधुनिक मुलाकात कक्ष, सब्जी कोल्ड स्टोरेज, आधुनिक मॉड्यूलर किचन, जेल के अंदर आवासीय परिसर में पार्क, जेल के चारों तरफ वॉच टावर, परिसर में गोशाला, पुस्तकालय का निर्माण, 4000 बंदियों के लिए बैरक, कार्यालय और अन्य भवन, जेल की हाईटेक सुरक्षित बाउंड्रीवाल, परिसर में ही 100 बिस्तर का अस्पताल भवन, फायर फाइटिंग, फायर कंडीशन आदि सुविधाएं रहेंगी। इसके अलावा जेल परिसर में 234 विभिन्न श्रेणियों के आवास गृहों का भी निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय जेल परिसर में ही वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम, कंट्रोल रूम, सभाकक्ष, सीसीटीवी कैमरों से युक्त होगा। विद्युतीकरण सब स्टेशन फीडर, स्पोर्ट्स ग्राउंड की भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।