Sagar -दशहरे से पहले बदल गया ट्रैफिक प्लान, देखिए कटरा जाने के लिए कौन सा मार्ग चालू कौन सा रहेगा बंद
सागर यातायात पुलिस ने नवदुर्गा महोत्सव, नवमी, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर रूट मैप जारी कर दिया है। प्लान के अनुसार, कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया व भगवानगंज तिराहा क्षेत्र में सोमवार को शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक तो मंगलवार को दोपहर 2 बजे से विसर्जन की समाप्ति तक तीन पहिया, चार पहिया सहित भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होगा।
दशहरे पर शाम 5 बजे के बाद दोपहिया वाहनों का प्रवेश भी रोक दिया जाएगा। वहीं तीनबत्ती से कटरा मस्जिद के बीच पार्क वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस व प्रशासन ने शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए लेहदरा नाका बड़ी नदी, चितौरा घाट, बन्नाद नदी घाट व राजघाट में व्यवस्था की है।
प्रतिबंधित वाहन तीन मढ़िया, एलिवेटेड कॉरिडोर से कोतवाली की ओर, राधा तिराहा, अप्सरा टॉकीज, विजय टॉकीज, मोतीनगर तिराहा व राहतगढ़ वनवे से कटरा / बड़ा बाजार की ओर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा बहेरिया चौराहा, लेहदरा नाका, गल्ला मंडी चौराहा, भैंसा नाका, तिली रोड, बम्हौरी बायपास, नरसिंहपुर बायपास आदि से भारी वाहनों का प्रवेश विसर्जन की समाप्ति तक नहीं होगा
भोपाल की ओर जाने वाले वाहन संजय ड्राइव से मोतीनगर होकर जा सकते हैं। बीना की ओर जाने वाले वाहन कबूला पुल व खुरई ओवरब्रिज होकर जा सकते हैं। भोपाल से छतरपुर, दमोह, नरसिंहपुर जाने वाले वाहन मोतीनगर से संजय ड्राइव होकर सिविल लाइन मार्ग से और खुरई ओवरब्रिज से कबूलापुल व मकरोनिया होकर जा सकेंगे।