Sagar - बीना में 4 मेमू ट्रेनें 25 अक्टूबर तक रद्द, 14 ट्रेनों के प्रारंभिक-गंतव्य स्टेशन भी बदले
सागर जिले के बीना रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के बाद लाइन और प्लेटफॉर्म की अनुपलब्धता के चलते यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके तहत 4 मेमू ट्रेनें 25 अक्टूबर तक निरस्त रहेंगी। वहीं, 11 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा और 14 ट्रेनों के प्रारंभिक या गंतव्य स्टेशन में बदलाव किया गया है। ऐसे में बीना और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचनी होगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन बीना-रूठियाई मेमू, रूठियाई-बीना मेमू, 17 से 25 अक्टूबर तक निरस्त रहेंगी। इन सभी ट्रेनों के 9-9 फेरे रद्द किए गए हैं।
बांद्रा टर्मिनस-मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर-सूरत, गोरखपुर-ओखा, ओखा-गोरखपुर, अहमदाबाद-दरभंगा, दरभंगा-अहमदाबाद, अहमदाबाद-बनारस सिटी और बनारस सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस को महादेवखेड़ी, मालखेड़ी और आगासोद के रास्ते चलाया जाएगा। ये ट्रेनें बीना स्टेशन पर नहीं रुकेंगी और इसे बायपास करेंगी।
भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 17 से 19 अक्टूबर तक संत हिरदाराम नगर, मक्सी और रूठियाई के रास्ते चलेंगी।
रेलवे ने कई मेमू ट्रेनों के प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशन भी बदले हैं। ललितपुर-बीना मेमू आगासोद में समाप्त होगी, जबकि बीना-ललितपुर मेमू आगासोद से चलेगी। कटनी-बीना मेमू खुरई में समाप्त होगी और बीना-कटनी मेमू खुरई से प्रारंभहोगी।
कोटा-बीना की कुछ सेवाएं महादेवखेड़ी और मुंगावली में समाप्त होंगी। बीना-कोटा की संबंधित सेवाएं इन्हीं स्टेशनों से शुरू होंगी। भोपाल-बीना और बीना-भोपाल मेमू ट्रेनों का संचालन मंडी बामोरा से किया जाएगा।