माता बिरासिनी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कल निकलेगा विशाल ज्वारा जुलूस
एमपी के उमरिया जिले के पाली नगर में शारदेय नवरात्रि के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। दसवीं शताब्दी के कलचुरी कालीन सिद्धपीठ माता बिरासिनी देवी मंदिर में महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता के दर्शन और अठमाजईन का भोग लगाने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। अब सभी की निगाहें 19 अक्टूबर को निकलने वाले विशाल ज्वारा जुलूस पर टिकी हैं।
नौ दिनों से पाली नगर माता की भक्ति में डूबा हुआ है। महाअष्टमी पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता बिरासिनी के दरबार पहुंचे। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर की खास परंपराओं में ज्वारा और ज्योति कलश स्थापना का विशेष महत्व है। यहां कुछ साधक अपने शरीर पर ज्वारा कलश स्थापित कर नौ दिनों तक साधना करते हैं। उनकी आस्था और समर्पण को देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता रहती है। मंदिर की यह परंपरा पाली की धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नवरात्रि का सबसे बड़ा आकर्षण सोमवार, 19 अक्टूबर को निकलने वाला विशाल ज्वारा जुलूस होगा। परंपरा के अनुसार घट विसर्जन के बाद माता की आराधना और पारंपरिक काली नृत्य के साथ जुलूस शुरू होगा। ढोल-नगाड़ों और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। अंत में सगरा तालाब में ज्वारा कलशों का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर कालरी स्टेडियम में रावण दहन होगा। नगर पालिका की ओर से सांस्कृतिक झांकियां भी निकाली जाएंगी।
ज्वारा जुलूस और दशहरा पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। एसडीओपी ललित गठरे के अनुसार, मंदिर परिसर में निगरानी रखी जा रही है। वीडियोग्राफी के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। माता बिरासिनी के जयकारों के बीच पाली नगर विशाल ज्वारा जुलूस और दशहरे के स्वागत के लिए तैयार है। श्रद्धा, परंपरा और सुरक्षा के बीच अब सोमवार के भव्य आयोजन का इंतजार है।