मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन,मुखौटा पहनाकर कार्यकर्ता को जंजीरों में जकड़ा,फिर फूंका पुतला
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ होने वाला प्रदर्शन अभी थमा नहीं है कांग्रेस ने अब अनोखा प्रदर्शन किया जो चर्चाओं में बना हुआ है कांग्रेसियों ने कार्यकर्ता को ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर जंजीरों में बांधकर दिखाया। इसके अलावा पुतला दहन भी किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ये अनूठा प्रदर्शन मुरैना में किया गया।
बताया गया की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उत्तर शहर के हनुमान चौराहे से रैली निकाली। इस दौरान एक कार्यकर्ता को ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर जंजीरों में जकड़ा हुआ दिखाया गया। रैली ओवरब्रिज चौराहे पर पहुंची। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पुलिस ने पुतले को बचाने का प्रयास किया। लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे आग के हवाले कर दिया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने आरोप लगाया की ज्ञानेश कुमार ने देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटकर उन्हें उनके मताधिकार से वंचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करना गंभीर मामला है। साथ ही कहा की इतने विरोध के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त को स्वतः संज्ञान लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आरोप लगाया कि देशभर में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठ रही है। लेकिन केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त में नैतिकता का अभाव दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।