Sagar- दशहरा पर 700 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात; कटरबाज, चेन स्नेचरों की निगरानी | SAGAR TV NEWS |
विजयादशमी पर्व, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और पारंपरिक दशहरा चल समारोह को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सागर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
शहर के पुरख्याऊ की कांधे वाली काली और भैया जी वैद्य की काली सहित दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और मुख्य चल समारोह के अलावा रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। एसपी अनुराग सुजानिया ने खुद सुरक्षा की कमान संभाली है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि कटरबाजों, चेन स्नेचरों और निगरानीशुदा बदमाशों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे पुराने सभी बदमाशों को चिह्नित किया गया है। शहर के थानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अवैध हथियार रखने वालों की धरपकड़ की जा रही है। संदिग्धों से हथियार जब्त कर जमानत पर बाहर आए अपराधियों की लोकेशन ट्रैस की जा रही है।
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील रास्तों पर महिला सुरक्षा व चोरी की वारदातों को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस जवान (अंडरकवर पुलिस) तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से पल-पल की निगरानी रखी जाएगी।