मां बिरासिनी के जयकारों से गूंजा पाली, भव्य जवारा जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित दसवीं शताब्दी के कलचुरी कालीन प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बिरासिनी देवी मंदिर से ऐतिहासिक जवारा जुलूस पूरी भव्यता और धार्मिक उल्लास के साथ निकाला गया। माता के जयकारों, पारंपरिक काली नृत्य और श्रद्धालुओं की अपार आस्था के बीच निकले इस विशाल चल समारोह ने पूरे पाली नगर को भक्तिमय कर दिया। सिर पर जवारा कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें जब नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं तो ऐसा प्रतीत हुआ मानो सड़कों पर हरियाली की चादर बिछ गई हो। जुलूस का समापन स्थानीय सगरा तालाब में जवारा कलशों के विधिवत विसर्जन के साथ हुआ।
परंपरा के अनुसार जवारा जुलूस प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर प्रांगण में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया द्वारा कलश विसर्जन की धार्मिक प्रक्रिया एवं मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात माता बिरासिनी के जयघोष के साथ विशाल जवारा जुलूस मंदिर परिसर से रवाना हुआ। चल समारोह में पारंपरिक काली नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मां काली का स्वरूप धारण किए कलाकारों का नृत्य और माता की आराधना में लीन श्रद्धालुओं की भक्ति देखते ही बन रही थी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और माता के जयकारों से नगर का वातावरण धर्ममय बना रहा।
मंदिर प्रांगण से निकला जवारा जुलूस प्रकाश चौराहा, साईं मंदिर और नगर के अन्य प्रमुख मार्गों से होता हुआ स्थानीय सगरा तालाब पहुंचा। जुलूस में जवारा कलश धारण किए महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल चलते रहे। नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने पहुंचे।
माता बिरासिनी के इस ऐतिहासिक चल समारोह में मानपुर विधायक मीना सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस नेताओं एवं अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।